ਮਨੋਰੰਜਨ Thu, 07 May 2026 02:59 PM
'एनिमल' और 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में अपनी दमदार एक्टिंग से दिल जीतने के बाद बॉबी देओल अब 'बंदर' बनकर आ रहे हैं। उनकी नई फिल्म 'बंदर' का टीजर रिलीज कर दिया गया है, जो एकदम हटके है। इस फिल्म को अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में बॉबी देओल ने एक ऐसे शख्स का किरदार निभाया है, जो डेटिंग ऐप के फेर में फंस जाता है। जिन लड़कियों से वह डेटिंग ऐप के जरिए मिलते हैं, उनमें से एक बॉबी देओल को बुरा फंसा देती है।
सच्ची घटना पर आधारित 'बंदर', ये है कास्ट
फिल्म 'बंदर' की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है। इसमें बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोसले भी हैं। यह फिल्म बॉबी देओल और अनुराग कश्यप के बीच पहला कोलेब्रेशन है। इसमें बॉबी देओल ने अपने करियर का अभी तक का सबसे अलग और लीक से हटकर किरदार निभाया है।
'बंदर' का टीजर आज के सिनेमा से एकदम अलग वाइब लेकर आया है। इसमें बॉबी देओल 70 के दशक के डिस्को वाले अवतार में नजर आ रहे हैं। टीजर में वह 'कम ऑन बेबी दिल किसको देगी' गाने पर डांस करते और गिटार बजाते दिख रहे हैं। साथ ही कुछ लड़कियों को भी देख रहे हैं। फिर उन्हीं में से कुछ लड़कियां एक डेटिंग ऐप के जरिए बॉबी देओल से मिलती हैं। फिर अचानक ही एक खौफनाक ट्विस्ट आता है, जिसके बाद बॉबी देओल की नींद उड़ जाती है और पूरी दुनिया ही पलट जाती है।
कहानी का रुख बदलता एक ट्विस्ट
बॉबी देओल का किरदार पुलिस के चंगुल में फंस जाता है। जो ट्विस्ट आता है, वो कहानी का रुख ही बदल देता है। यहां जो सामने आता है, वो उस कहानी की झलक है जो शुरुआत में दिखने वाली चीजों से कहीं ज्यादा बड़ी और उलझी हुई है। जैसे-जैसे टीजर की लय बदलती है और तेज होती जाती है, वैसे-वैसे अनुराग कश्यप के डायरेक्शन का जादू साफ दिखने लगता है।
'बंदर' का टीजर देख फैंस के रोंगटे खड़े हुए
'बंदर' का टीजर देख फैंस तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। अनुराग कश्यप के साथ बॉबी देओल की जोड़ी ने उन्हें क्रेजी कर दिया है और उन्हें इस कोलैबोरेशन को देखने का बेसब्री से इंतजार है। एक फैन ने यूट्यूब पर कमेंट किया है, 'टीजर देखकर लग रहा फुल पैसा वसूल मैडनेस आने वाला है।' एक ने लिखा है, 'बॉबी सर का पीक टाइम शुरू हो गया है। उनके लिए ढेर सारे अवॉर्ड्स इंतजार कर रहे हैं।' एक का कमेंट है, 'तूफान आ रहा है लॉर्ड बॉबी।' एक बोला, 'ऐसा टीजर पहली बार देखा। रोंगटे खड़े हो गए।' एक ने लिखा है, 'बॉबी पाजी छा गए।
'बंदर' की रिलीज डेट
'बंदर' की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जो 'पाताल लोक', 'कोहरा' और 'उड़ता पंजाब' जैसी बेहतरीन कहानियां लिख चुके हैं। यह फिल्म 5 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
https://youtu.be/QMCoKp7PsZM?si=djq3pq8IsgTx-TXj