फतेहगढ़ साहिब में आवारा पशु को बचाने के चक्कर में सड़क हादसा, एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों की मौत

ਪੰਜਾਬ Tue, 17 Nov 2026 09:39 AM


फतेहगढ़ साहिब में आवारा पशु को बचाने के चक्कर में सड़क हादसा, एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों की मौत

फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद स्थित तलवाड़ आटा चक्की के नजदीक हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो जाने का दुखद समाचार सामने आया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद आरोपी मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। मामले की जानकारी देते हुए थाना सरहिंद के सब-इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि मृतकों के भाई और सरहिंद निवासी करण कश्यप ने पुलिस को अपने बयान दर्ज करवाए हैं।

करण के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय घटित हुई जब सरहिंद के ही रहने वाले उसके दोनों भाई, 17 वर्षीय रोहन और 13 वर्षीय हर्ष, अपनी एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर तलवाड़ आटा चक्की के पास से गुजर रहे थे।

इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आ रही थी। अचानक सड़क पर एक आवारा पशु आ जाने के कारण तेज रफ्तार बाइक चालक अपना संतुलन खो बैठा और वाहन अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित हुई बाइक ने सामने से आ रही रोहन और हर्ष की एक्टिवा में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई स्कूटी समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।घटना के तुरंत बाद करण कश्यप ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल भाइयों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे भाई हर्ष की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उसने भी दम तोड़ दिया।

सब-इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार मोटरसाइकिल चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि रोहन का पोस्टमार्टम पहले ही सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में करवाया जा चुका है, जबकि हर्ष के शव का पोस्टमार्टम आज सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में करवाया जा रहा है।


Leave a Comment:
ਤਾਜ਼ਾ ਖ਼ਬਰਾਂ
ad