ਪੰਜਾਬ Wed, 28 Oct 2026 10:06 AM
फिल्लौर में खैरा गांव के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को इंडो-कैनेडियन बस की टक्कर से ऑल्टो कार सवार दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों दिल्ली में निरंकारी समागम में शामिल होकर पठानकोट लौट रहे थे। हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना 27 अक्टूबर को डीएस ढाबे के पास हुई। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) की टीम मौके पर पहुंची। कर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया। वहां एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बस चालक ने बताया कि वह अपनी लेन में चल रहा था। उसके अनुसार, आगे चल रही ऑल्टो के चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे बस कार के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे के बाद पुलिस और एसएसएफ की टीम ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे करवाया और सेफ्टी साइन बोर्ड लगाकर यातायात बहाल कराया।
घायलों का सामान परिजनों को सौंपा
एसएसएफ टीम को कार से कपड़ों के नौ बैग, 910 रुपये नकद वाला एक पर्स और जरूरी दस्तावेज मिले। इनमें वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, वाहन की आरसी और एटीएम कार्ड शामिल थे। टीम ने पूरा सामान घायलों के भाई राजिंदर को सुरक्षित सौंप दिया।