पंजाब में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बसों में हुई जोरदार टक्कर, चार श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

ਪੰਜਾਬ Sat, 14 Nov 2026 06:59 PM


पंजाब में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बसों में हुई जोरदार टक्कर, चार श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

पंजाब में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बसों में हुई जोरदार टक्कर, चार श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

तरनतारन 

पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीर्थ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियों को मातम में बदल दिया। एनएच-54 पर नौशहरा के पास तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में शुरुआती जानकारी के अनुसार, चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। 

दोनों बसों में सवार थे 37 यात्री

हादसे के समय दोनों बसों में कुल 37 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों बसें पंजाब सरकार की तीर्थ यात्रा स्कीम के तहत श्रद्धालुओं को लेकर धार्मिक यात्रा पर गई थीं। यात्री अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में माथा टेकने के बाद वापस लौट रहे थे। 

बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा 

शनिवार शाम करीब चार बजे जब बसें नेशनल हाईवे-54 पर नौशहरा के पास पहुंचीं तो अचानक सामने आए बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में एक बस चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि अनियंत्रित हुई बस सड़क के डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी साइड पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस के साथ सीधे टकरा गई। 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बसों में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहत कार्य से जुड़ी टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पतालों में पहुंचाने की कार्रवाई की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चार श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है।

Leave a Comment:
ਤਾਜ਼ਾ ਖ਼ਬਰਾਂ
ad