ਪੰਜਾਬ Tue, 13 Oct 2026 02:31 PM
बठिंडा -पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर सामाजिक मुहिम चलाने वाले मशहूर नशा विरोधी एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब झोटा अपने साथियों के साथ मानसा क्षेत्र में मौजूद थे। अंधाधुंध गोलीबारी में परमिंदर सिंह झोटा के शरीर पर कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई। इस जानलेवा हमले में उनके साथ मौजूद तीन अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मानसा जिले और आसपास के मालवा क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।
तीनों घायल युवक इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती
जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने परमिंदर सिंह झोटा को निशाना बनाकर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुए हमले के दौरान झोटा के पेट और पांव में गोलियां लगीं, जिसके कारण वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और उनके साथियों ने तुरंत उन्हें और अन्य घायलों को संभाला। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परमिंदर सिंह झोटा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले में गंभीर रूप से जख्मी हुए तीन अन्य युवक इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती हैं। तीनों घायलों की पहचान कुलविंदर सिंह, गोबिंद सिंह और बलतेज सिंह के तौर पर हुई है।