ਪੰਜਾਬ Sat, 06 Dec 2025 01:24 PM
अमृतसर , 6 दिसंबर (भोगपुर हैडलाइन): अमृतसर में चोरी की बढ़ती वारदातों के बीच एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आमतौर पर चोरी की खबरों में किसी बदमाश या लुटेरे का नाम आता है लेकिन इस बार एक आवारा कुत्ता अचानक सुर्खियों में है।
लॉरेंस रोड स्थित एक चाय की दुकान के बाहर बैठे युवक का पर्स कुत्ता मुंह में दबाकर ले भागा और देखते ही देखते गायब हो गया।
पीड़ित युवक के अनुसार वह रोजाना की तरह चाय पीने दुकान पर रुका था। उसने अपना पर्स बेंच पर रख दिया और फोन पर बात करने लगा। इसी बीच अचानक एक कुत्ता आया और पर्स को मुंह में दबाकर सड़क की ओर भाग निकला। युवक ने पीछा करने की कोशिश की लेकिन कुत्ता कुछ ही पलों में ओझल हो गया।
पर्स में डेबिट और क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत कई जरूरी दस्तावेज और कुछ नकदी भी थी। घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुत्ता पर्स उठाता है और बाहर की ओर दौड़ लगा देता है।