ਪੰਜਾਬ Sat, 07 Mar 2026 09:58 AM
भोगपुर हैडलाइन-जालंधर के बस्ती इलाके में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एमएस फार्म के पास ओवरस्पीड फॉर्च्यूनर कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दादी और 10 वर्षीय पोती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने चालक पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया। मृतकों की पहचान शीतल शर्मा और उनकी पोती माही शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़ीं और आरोप है कि चालक ने उन्हें कुचलते हुए कार आगे बढ़ा दी।परिवार के सदस्य ई-रिक्शा में मार्केट से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। ई-रिक्शा पीड़ित महिला के भाई का था, जिसकी टांग हादसे में टूट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्यूनर पहले ई-रिक्शा से टकराई और फिर खंभे से जा भिड़ी। लोगों ने बताया कि चालक को होश नहीं था और वह गिरे हुए लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। आरोपी का तुरंत मेडिकल न कराए जाने पर देर रात करीब 3 बजे बस्ती बावा खेल थाने के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।