ਪੰਜਾਬ Sun, 15 Mar 2026 03:36 PM
भोगपुर हैडलाइन-अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से जुड़े हथियार और नशा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 अत्याधुनिक पिस्तौल, 60 जिंदा कारतूस और 3.513 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हथियारों में तुर्की सीरीज की पीएक्स 5.7×28 मिमी टीआईएसएएस पिस्तौल भी शामिल है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे, जो भारत-पाक सीमा के नजदीक हथियार और नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी एक विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिससे संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।