ਪੰਜਾਬ Mon, 24 Aug 2026 10:03 AM
मोगा में एक ग्राहक ने अपनी नई इनोवा गाड़ी की पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) न बनने से परेशान होकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। दविंदरपाल सिंह नामक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी पर चारा लादकर उसे बैल से खिंचवाया। यह प्रदर्शन आईजीएम टोयोटा कंपनी के सामने जीटी रोड और मोगा शहर में किया गया। दविंदरपाल सिंह ने करीब पांच महीने पहले 31 लाख 30 हजार रुपये में इनोवा गाड़ी बुक की थी। कुछ दिनों बाद एजेंसी ने गाड़ी की कीमत बढ़ा दी। इसके बाद उन्होंने 54 हजार रुपये अतिरिक्त जमा किए। इसके बावजूद उनकी गाड़ी की आरसी नहीं बन पाई। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ स्थित आरटीओ कार्यालय में अधिकारियों ने बिलिंग राशि और आरटीओ के रिकॉर्ड में दर्ज राशि में अंतर बताया। अधिकारियों ने कहा कि बिलिंग सही न होने तक गाड़ी का पंजीकरण नहीं हो सकता। दविंदरपाल सिंह का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कंपनी और एजेंसी के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। मोगा में संबंधित एजेंसी की बिलिंग व्यवस्था न होने के कारण बिलिंग लुधियाना से की जाती है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारी ने कहा था-चारा ही ढो लो
दविंदरपाल सिंह ने बताया कि एजेंसी के एक कर्मचारी ने उनसे कहा कि अब गाड़ी पर चारा ही ढो लो। इस बात से आहत होकर उन्होंने अपनी नई इनोवा पर चारा लादकर सड़क पर विरोध जताया। उन्होंने कंपनी और एजेंसी से जल्द उनकी गाड़ी की बिलिंग संबंधी समस्या दूर करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने आरसी बनवाने की भी अपील की है। इस मामले में एजेंसी या कंपनी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।