ਰਾਸ਼ਟਰੀ Thu, 20 Aug 2026 08:54 AM
त्योहारी मौसम शुरू होने से पहले ही चीनी के दामों में तेजी आई है। खुदरा बाजार में चीनी पहली बार 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। कारोबारियों के अनुसार, पिछले 15 दिन में इसके दाम करीब 15 रुपये प्रति किलो तक बढ़े हैं। कारोबारियों का कहना है कि सीजन के अंतिम दौर में चीनी का भंडार कम है। मांग के मुकाबले आपूर्ति घटने से दाम लगातार बढ़ रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, बाजार में मांग की तुलना में करीब आधी ही चीनी की आपूर्ति हो पा रही है। आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, गणेशोत्सव, जन्माष्टमी और दिवाली जैसे त्योहारों से मांग और बढ़ेगी। इससे चीनी के दाम में और तेजी आने की आशंका है।
पहली बार 60 रुपये किलो के ऊपर पहुंचा भाव
न्यू हैदराबाद के फुटकर किराना व्यापारी संतोष गुप्ता ने बताया कि 15 दिन पहले चीनी 48-50 रुपये किलो बिक रही थी। अब इसका भाव बढ़कर 65 रुपये किलो तक पहुंच गया है। फतेहगंज के थोक कारोबारी संजय जयसवानी के मुताबिक, पहली बार चीनी के भाव 60 रुपये किलो से ऊपर पहुंचे हैं।