ਪੰਜਾਬ Fri, 17 Jul 2026 08:51 AM
भोगपुर हेडलाइन- पी.एम. नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को पंजाब आगमन से पूर्व भारतीय जनता पार्टी द्वारा दो दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में आज पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जालंधर के बाबा बुद्धा जी नगर स्थित पार्क में दकोहा मंडल के अध्यक्ष चंदन रखेजा के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान में भाग लेकर सफाई की।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का पंजाब में पूरे उत्साह और भव्यता के साथ स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा के साथ-साथ समूचा पंजाबी समाज प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्साहित है और उनका अभिनंदन करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, पंजाब द्वारा पूरे प्रदेश में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया है। इसके तहत भाजपा के 620 मंडलों में 3,100 से अधिक स्थानों पर सफाई अभियान आयोजित किया गया। सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, अस्पतालों, मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पूरे देश में चलाए गए 'स्वच्छ भारत अभियान' से प्रेरणा लेकर यह अभियान आयोजित किया गया है। हमारा उद्देश्य देश को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाना है। अपने आसपास, गांव और शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।