दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'पंजाब 95', जो सेंसर बोर्ड के कारण तीन साल से रिलीज नहीं हो पा रही थी, अब 3 जुलाई को ओटीटी पर चुपके से आई और छा गई है। जिन्होंने भी फिल्म देखी है, वो भावुक हो गए और इसे 'मस्ट वॉच' बता रहे हैं। 'पंजाब 95' को अब 'सतलुज' नाम से ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज किया गया है। खास बात यह है कि इसमें एक भी कट नहीं लगाया गया है, जबकि तीन साल पहले सेंसर बोर्ड ने इसमें 127 कट्स की मांग की थी और कई बदलाव सुझाए थे।
खैर, अब 'सतलुज'' का सवेरा हो चुका है और ओटीटी पर रिलीज होते ही चर्चा में हैं। दर्शकों ने यह फिल्म देखी तो आंखों से आंसू बह निकले। वो X पर अपने रिएक्शंस शेयर कर रहे हैं।
'रोना आ गया 'सतलुज' देखकर'
एक यूजर ने लिखा, 'अभी 'सतलुज' फिल्म देखी। रोना आ गया देख के। दिलजीत पाजी ने तो सच्ची दिल जीत लिया। पहले ही जीत लिया था और अब और जीत लिया। उनका फैन होने पर गर्व है। आपने शहीद जसवंत सिंह खालरा के कैरेटर को जिंदा कर दिया।'
सुधीर मिश्रा ने भी की 'सतलुज' की तारीफ, दिलजीत पर फिदा
डायरेक्टर सुधीर मिश्रा ने भी 'सतलुज' देखी और उन्होंने डायरेक्टर हनी त्रेहान के अलावा फिल्म और दिलजीत दोसांझ की परफॉर्मेंस की तारीफ की। उन्होंने अपने एक्सअकाउंट पर लिखा, ' जी5 पर हनी त्रेहान की फिल्म 'सतलज' जरूर देखें। हनी ने इसे बनाने की हिम्मत दिखाई, इसके लिए उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन मिलना चाहिए। इतनी बेहतरीन फिल्म बनाना एक फिल्ममेकर के तौर पर उनके जबरदस्त विकास को दिखाता है। दिलजीत का काम एकदम सटीक और शानदार है। वह कहानी में कभी रुकावट नहीं बनते, बल्कि हमें उस व्यक्ति के लिए महसूस कराते हैं जो सच को दबने नहीं देना चाहता था।'