ਰਾਸ਼ਟਰੀ Sat, 25 Oct 2025 09:42 AM
आगरा के नगला बूढ़ी में तेज रफ्तार कार से हुए हादसे के बाद पांच परिवारों में कोहराम मच गया। किसी ने अपनी मां को खो दिया तो किसी के बेटे की जान चली गई। परिवार का हाल बेहाल था। एसएन मेडिकल काॅलेज की इमरजेंसी में पहुंचे परिजन फूट-फूटकर रो रहे थे। हादसे में मरने वाली बबली के परिवार में शादी थी। खुशियों का माहाैल था। हादसे की जानकारी पर मातम छा गया।
बबली के परिजन ने बताया कि वह घरों में काम करके परिवार को पाल रही थीं। उनकी शादी 10 साल पहले सादाबाद के गांव मिढ़ावली निवासी हरेश से हुई थी। उनके तीन बच्चे गुंजन, बेटा कर्मवीर और गोलू हैं। कर्मवीर दिव्यांग हैं। वह कई साल पहले पति के साथ ही मायके आ गई थीं। पति मजदूरी करते हैं। वह कोठियों में काम करने जाती थीं। कुछ दिनों में उनकी भांजी की शादी होनी है।
अनियंत्रित कार की चपेट में रास्ते से गुजर रहीं नगला बूढ़ी निवासी बबली (38) व उसका बेटा गोलू, पेंटर का कार्य करने वाले दो दोस्त कमल (23) और कृष उर्फ कृष्णा (20) आ गए। बाद में कार 100 मीटर आगे एक डिवाइडर से टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार ने तीन पलटे खाए। इसके बाद प्रेमचंद के घर के बाहर बैठे लोगों पर जा गिरी। इसमें प्रेमचंद के भतीजे राहुल और वीरेंद्र दब गए।