PM मोदी का पंजाब-हरियाणा दौरा: देश को सौंपेंगे पहली हाइड्रोजन ट्रेन, वंदे भारत स्लीपर को भी दिखाएंगे हरी झंडी

ਰਾਸ਼ਟਰੀ Fri, 17 Jul 2026 08:50 AM


PM मोदी का पंजाब-हरियाणा दौरा: देश को सौंपेंगे पहली हाइड्रोजन ट्रेन, वंदे भारत स्लीपर को भी दिखाएंगे हरी झंडी

भोगपुर हेडलाइन-पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृतसर (छेहरटा) से वाराणसी के बीच चलने वाली संत रविदास वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके शुरू होने से दोनों धार्मिक शहरों के बीच यात्रा पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक होगी।

रेलवे के अनुसार यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है। इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन होगा। ट्रेन जालंधर, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ और वाराणसी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

यह ट्रेन श्री हरिमंदिर साहिब, श्री काशी विश्वनाथ धाम और संत रविदास से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी। साथ ही व्यापारियों और छात्रों को भी तेज रात्रिकालीन रेल सेवा का विकल्प मिलेगा। ट्रेन में आधुनिक वातानुकूलित स्लीपर कोच, सीसीटीवी निगरानी, यात्री सूचना प्रणाली, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और आरामदायक बर्थ जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जींद से पीएम मोदी देश को सौंपेंगे पहली हाइड्रोजन ट्रेन

भारत रेलवे के इतिहास में शुक्रवार को प्रगति का नया अध्याय जुड़ जाएगा। जींद जंक्शन पर सुबह सवा 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत की ओर रवाना करेंगे। जींद-सोनीपत रूट पर इस स्वदेशी ट्रेन के परिचालन के साथ ही भारतीय रेलवे के ग्रीन युग की शुरुआत भी हो जाएगी। इस उपलब्धि के बाद भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन विकसित की है।

12 साल में 18वीं बार हरियाणा आ रहे पीएम मोदी 

पीएम मोदी नमो ग्रीन ट्रेन के अलावा करीब 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम जींद से ही एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, मेडिकल कॉलेज, अत्याधुनिक सिख संग्रहालय समेत आठ बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे जिनसे हरियाणा के परिवहन, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को नई गति मिलेगी। इसके अलावा पीएम मोदी जींद में ही रैली को भी संबोधित करेंगे।

10 बजे पहुंचेंगे जींद

शुक्रवार करीब दस बजे पीएम मोदी रेलवे जंक्शन पहुंचेंगे और हाइड्रोजन ट्रेन का अवलोकन करने के बाद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत के लिए रवाना करेंगे। यह ट्रेन जींद सिटी, पांडू-पिंडारा, भंभेवा, गोहाना सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए करीब सवा घंटे में ट्रेन सोनीपत पहुंचेगी। विभिन्न स्टेशनों से स्कूली बच्चे भी इस ऐतिहासिक यात्रा के सहभागी बनेंगे। जींद के अलावा राज्य के 22 जिलों में पीएम मोदी के कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट होगा।

इन 8 परियोजनाओं का भी करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास 

-दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन सबसे प्रमुख है। इससे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच सफर तेज होगा।

-जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए और हांसी-बरवाला फोरलेन सड़क परियोजना से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा।

-अंबाला-काला आंब 33.81 किलोमीटर फोरलेन राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे।

-कुरुक्षेत्र को 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की भी सौगात मिलेगी।

-कुरुक्षेत्र के गांव उमरी में लगभग 169.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के पहले अत्याधुनिक सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे।

-स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि नारनौल मेडिकल कॉलेज परियोजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Comment:
ਤਾਜ਼ਾ ਖ਼ਬਰਾਂ
ad