ਪੰਜਾਬ Fri, 01 May 2026 02:26 PM
भोगपुर हैडलाइन: पंजाब पुलिस ने आई.एस.आई. समर्थित दो अलग-अलग जासूसी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। ये मॉड्यूल संवेदनशील सैन्य ठिकानों की लाइव फुटेज पाकिस्तान स्थित हैंडलरों तक पहुंचाने के लिए हाईटेक चीनी सी.सी.टी.वी. कैमरों का इस्तेमाल कर रहे थे। यह जानकारी पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डी.जी.पी.) गौरव यादव ने दी। उन्होंने बताया कि महज 35 हजार में आरोपियों ने खुद को बेच दिया और अपने देश के साथ गद्दारी की।
3 आरोपी किए गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार काऊंटर इंटैलीजैंस जालंधर ने एक संचालक को गिरफ्तार कर पहले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। आरोपी के कब्जे से 4जी कनैक्टिविटी वाला एक चीनी सी.सी.टी.वी. कैमरा तथा सोलर प्लेट बरामद की गई है। वहीं कपूरथला पुलिस ने एक केंद्रीय एजैंसी के साथ संयुक्त ऑपरेशन में दो व्यक्तियों को विदेशी हैंडलरों से जुड़े चार मोबाइल फोन, एक सिम आधारित सी.सी.टी.वी. कैमरा और एक वाई-फाई सैट सहित गिरफ्तार कर दूसरे मॉड्यूल का खुलासा किया है। काऊंटर इंटैलीजैंस ऑपरेशन में गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा निवासी गांव सहांके, फिरोजपुर के रूप में हुई है। वहीं कपूरथला पुलिस द्वारा किए गए दूसरे ऑपरेशन में गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान सोना निवासी दोना मट्टड़, फिरोजपुर तथा संदीप सिंह उर्फ सोनू निवासी गांव छांगा खुर्द, फिरोजपुर के रूप में हुई है।