ਪੰਜਾਬ Fri, 17 Apr 2026 04:30 PM
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास समेत विभिन्न ठिकानों पर शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। लुधियाना स्थित उनके निवास पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी के बीच जांच एजेंसी के अधिकारी दस्तावेजों को खंगालने में जुटे हैं।
ईडी की जांच केवल लुधियाना तक सीमित नहीं है, बल्कि बताया जा रहा है कि मंत्री से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई है। ईडी की टीम मुख्य रूप से वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले अक्तूबर 2024 में भी संजीव अरोड़ा जांच एजेंसी के निशाने पर आए थे, जब उन पर औद्योगिक जमीन को रिहायशी प्रोजेक्ट में तब्दील करने के गंभीर आरोप लगे थे। तब अरोड़ा राज्यसभा सांसद की भूमिका में थे, लेकिन अब कैबिनेट मंत्री के रूप में उनके खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
मित्तल और अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई के बाद नाराज मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता उस मिट्टी से नहीं बने जो डर जाएं। हमारे अधिकतर नेताओं को बिना कुछ किए भाजपा ने जेल का मुंह दिखा दिया मगर अब हम न तो भाजपा सरकार ईडी से डरते हैं और न ही सीडी से डरते हैं। हमें सीबीआई, इनकम टैक्स और अन्य एजेंसियों का कोई डर नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा ने आगामी चुनाव की तैयारी कर दी है। इन्हें यहां 117 सीटों पर प्रत्याशी नहीं मिल रहे। इसलिए भाजपा इस तरह डर दिखाकर आप नेताओं को तोड़ने की कोशिश कर रही। कांग्रेस और अकाली दल के कई नेता भाजपा में जाकर बेदाग बन चुके हैं।
आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि तीन दिन में पंजाब में आम आदमीं पार्टी के खिलाफ ईडी की ये दूसरी रेड है। अब पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां ईडी ने रेड की है। मोदी सरकार ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। अब ये लोकतांत्रिक व्यवस्था का दिखावा भी नहीं कर रहे, तानाशाही डिक्लेयर कर दी है। पश्चिम बंगाल में जो ईडी के साथ होता है वो सही ही होता है फिर तो।