ਮਨੋਰੰਜਨ Tue, 04 Nov 2025 02:54 PM
साल 2004 में जब डायरेक्टर इंदर कुमार 'मस्ती' लेकर आए थे, तब उस एडल्ट कॉमेडी ने दर्शकों को खूब हंसाया था। लेकिन कहना होगा कि सीक्वल और फ्रेंचाइजी बनाने की होड़ में 'ग्रैंड मस्ती' (2013) और 'ग्रेट ग्रैंड मस्ती' (2016) वह रंग नहीं जमा पाई। अब करीब 9 साल बाद मिलाप जावेरी 'मस्ती 4' लेकर आ रहे हैं, जिसका ट्रेलर मंगलवार को रिलीज किया गया है। तीन मिनट के इस ट्रेलर में आप कुछ नया ढूंढ़ने निकलेंगे तो मायूसी होगी, क्योंकि इसमें वही तीन दोस्तों की पुरानी तिकड़ी, उसी पुराने अंदाज में यौन संतुष्टि की चाह में भटक रहे है। वही पुराने डबल मीनिंग जोक्स मार रहे हैं। इसी फेर में फिर से वह मुसीबत में फंसते हैं और फिर वही पुरानी अफरा तफरी मचती है। इस बार फिल्म में तुषार कपूर और अरशद वारसी की भी एंट्री हुई है, लेकिन कम से कम ट्रेलर में वह कुछ खास 'मौज' नहीं दे पाते हैं।
'मस्ती 4' की कहानी फारुख धोंडी और मिलाप जावेरी ने मिलकर लिखी है। इसमें एक दर्जन जाने-पहचाने कलाकारों की फौज है। लेकिन अफसोस कि जिस फिल्म को 2004 में 'देसी अमेरिकन पाई' का तमगा मिला था, उसकी यह चौथी किश्त सुस्त मालूम पड़ती है। यह फिल्म भी उसी पुराने फॉर्मूले पर चलती है। ट्रेलर की शुरुआत में, हम रितेश देशमुख, आफताब शिवदासानी और विवेक ओबेरॉय को एक शादी में 'फंसे' और उससे छुटकारा पाने की कोशिश करते हुए देखते हैं।