ਮਨੋਰੰਜਨ Thu, 14 Aug 2025 04:02 PM
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्में सिनेमाघरों में जश्न का माहौल लेकर आती हैं। गुरुवार को रिलीज हुई 'कुली' भी किसी त्योहार की सौगात की तरह आई है। फैंस का उत्साह चरम पर है। मुंबई से लेकर तमिलनाडु के सिनेमाघरों तक पटाखे चल रहे हैं, ढोल-नगाड़े बज रहे हैं। थिएटर्स के बाहर सुबह 4 बजे से ही चाहने वालों की लंबी लाइन दिख रही है। रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग में भी 'कुली' ने दमदार कमाई है। रजनीकांत इस साल इंडस्ट्री में अपने 50 साल पूरे कर रहे हैं और 'कुली' उनके करियर की अब तक की सबसे बंपर ओपनिंग वाली फिल्म साबित होती दिख रही है। इसने बॉक्स ऑफिस पर 'वॉर 2' को करारी शिकस्त दी है।
लोकेश कनगराज के डायरेक्शन में बनी 'कुली' एक स्टैंड अलोन फिल्म है। इसमें रजनीकांत के साथ नागार्जुन, श्रुति हासन हैं। जबकि आमिर खान का कैमियो है। इस तरह 'कुली' में तमिल, तेलुगू और हिंदी, तीनों ही भाषाओं के सुपरस्टार्स की मौजूदगी है। रजनीकांत और लोकेश कनगराज की जोड़ी को तमिल सिनेमा प्रेमियों ने हमेशा प्यार दिया है और यही कारण है कि 375 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म पहले दिन देश और विदेश मिलाकर वर्ल्डवाइड 100 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रॉस कमाई करती दिख रही है।
'कुली' के क्रेज का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ओपनिंग डे के लिए इस फिल्म के 17.30 लाख से अधिक टिकट बिके हैं। जबकि BookMyShow की रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनिंग वीकेंड के लिए सिर्फ इस प्लेटफॉर्म से 2.50 मिलियन टिकटों की एडवांस बुकिंग हुई है। यह किसी भी तमिल सिनेमा का नया रिकॉर्ड है। विदेशों में भी फिल्म की तगड़ी एडवांस बुकिंग हुई है। सिर्फ नॉर्थ अमेरिका में प्री-सेल्स $2.75 मिलियन (लगभग ₹24 करोड़) है।