ਮਨੋਰੰਜਨ Thu, 17 Jul 2025 02:17 PM
नेशनल डेस्क। साउथ इंडस्ट्री के चर्चित एक्टर बाला एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। अपनी कई शादियों को लेकर पहले भी सुर्खियों में रहे बाला की अब जमकर आलोचना हो रही है। इसकी वजह उनकी तीसरी पत्नी एलिजाबेथ उदयन का एक बेहद गंभीर वीडियो है जिसमें वो न सिर्फ गंभीर अवस्था में दिख रही हैं बल्कि उनके द्वारा लगाए गए आरोप भी संगीन हैं। एलिजाबेथ ने बाला पर धोखा देने, शारीरिक प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अस्पताल के बिस्तर से एक भावुक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो कहती हैं कि अगर उन्हें कुछ होता है तो उसके ज़िम्मेदार सिर्फ बाला होंगे।
अस्पताल से शेयर किया भावुक वीडियो
एलिजाबेथ उदयन ने अपने फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो पोस्ट किया है और कैप्शन में लिखा है "क्या मुझे मरने से पहले इंसाफ मिलेगा?" वीडियो में वो बेहद भावुक होकर कहती हैं, "मैं इस हाल में ये वीडियो नहीं बनाना चाहती थी लेकिन अब सहन करना मुश्किल हो गया है। मुझे धमकी भरे मैसेज और वीडियो मिल रहे हैं। मुझे ‘पैसों के लिए परिवार को इस्तेमाल करने वाली’ और ‘खून चूसने वाली जोंक’ तक कहा गया है।"
एलिजाबेथ का कहना है कि बाला ने रिश्ते को लेकर अब यह कहना शुरू कर दिया है कि उन्होंने कभी शादी की ही नहीं जबकि वह उन्हें सार्वजनिक तौर पर पत्नी के रूप में पेश करते रहे। वो स्पष्ट रूप से कहती हैं, "अगर मेरी मौत होती है तो इसके लिए सिर्फ बाला ज़िम्मेदार होंगे।"
धोखा, शारीरिक शोषण और बदनामी का आरोप
एलिजाबेथ ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि पुलिस उनकी बात नहीं सुन रही है। बाद में मामला डीवाईएसपी ऑफिस तक पहुँचा लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। एलिजाबेथ ने साफ़ कहा कि उन्हें बाला ने धोखा दिया, शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और मीडिया में बदनाम किया। उन्होंने कहा, "मैं ये सब सिर्फ इसलिए बोल रही हूँ क्योंकि मुझे न्याय की उम्मीद है लेकिन अब लगने लगा है कि इंसाफ सिर्फ अमीर और रसूखदार लोगों के लिए होता है।"