इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा में हत्या: घर में घुसकर मारा चाकू, डेरा ब्यास प्रमुख पर साध चुकी थी निशाना

ਐਦਾ ਵੀ ਹੁੰਦਾ ਹੈ Thu, 05 Mar 2026 11:35 AM


इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा में हत्या: घर में घुसकर मारा चाकू, डेरा ब्यास प्रमुख पर साध चुकी थी निशाना

भोगपुर हैडलाइन- जालंधर मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा के विंडसर शहर में हत्या कर दी गई है। नैन्सी डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर ढिल्लों और खालिस्तानी गतिविधियों की सोशल मीडिया पर खुलकर आलोचना करती थीं। अज्ञात हमलावर ने उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल नैन्सी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद भारतीय समुदाय में भी सनसनी फैल गई है। कनाडा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कनाडाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि विंडसर के टॉड लेन इलाके में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल पर उनके घर के भीतर चाकू से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसेक्स-विंडसर आपातकालीन चिकित्सा सेवा के सदस्य रात करीब साढ़े नौ बजे टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में पहुंचे। मौके पर पहुंची टीम ने गंभीर रूप से घायल नैन्सी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार शाम को कनाडा पुलिस के अधिकारी माइकल पियर्स ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक गंभीर आपराधिक मामला है और पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान के लिए लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पुलिस ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच के इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया। जिस घर में यह वारदात हुई, वहां मुख्य दरवाजे तक जाने वाली सीढ़ियों और रास्ते पर मिले सबूतों को चिन्हित कर जांच की जा रही है। इसके अलावा घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर टॉड लेन पर ही एक जंगली इलाके के आसपास भी पुलिस ने पीली टेप लगाकर एरिया को बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि यहां हर्ब ग्रे पार्कवे के पास पैदल चलने वाले रास्तों का प्रवेश द्वार है और पुलिस इस क्षेत्र को भी जांच के दायरे में लेकर संभावित सबूत जुटा रही है।

Leave a Comment:
ਤਾਜ਼ਾ ਖ਼ਬਰਾਂ
ad